सुल्तानपुर में महिला से घर में घुसकर बदसलूकी:पति को लाठी-डंडों से पीटा, आरोपी पर केस दर्ज


सुल्तानपुर के चांदा थाना क्षेत्र में एक महिला से घर में घुसकर बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने महिला के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। जब महिला के पति ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि यह घटना 19 और 20 जून की दरमियानी रात को हुई। पीड़िता के अनुसार, जब वह अपने घर में सो रही थी, तभी गांव का अमर पाल उर्फ पिंटू गलत इरादे से उसके घर में घुस आया। आरोपी ने जबरन उसका मुंह दबा दिया और कनपटी पर असलहा सटाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर शोर मचाया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पास में सो रहे पति मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास करते हुए बीच-बचाव किया। पति के हस्तक्षेप से बौखलाए आरोपी अमर पाल ने घर में रखी लाठी उठा ली और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में पति की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा बढ़ने पर आरोपी पीड़िता और उसके पति को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना के दौरान उसका मंगलसूत्र भी कहीं गिर गया, जो उसे नहीं मिला। इस पूरी घटना को लेकर चांदा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी अमर पाल उर्फ पिंटू के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *