![]()
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के पकरी गांव में ग्राम प्रधान प्रभा सिंह चंदेल और पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह चंदेल के घर हुई करीब 55 लाख रुपये की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम शनिवार को इटावा रवाना हुई। आशंका है कि चोरी को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह के कुछ सुराग वहीं से जुड़े हो सकते हैं। देहात से मिले इनपुट के बाद बढ़ा जांच का दायरा पुलिस सूत्रों के अनुसार, कानपुर देहात क्षेत्र से मिले कुछ अहम सुरागों के बाद जांच का दायरा अन्य जिलों तक बढ़ा दिया गया है। इसी क्रम में पुलिस ने इटावा में संभावित ठिकानों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार देर रात कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई थी, जिनसे मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है। चार संदिग्धों की CCTV में गतिविधियां, प्रोफेशनल गैंग पर शक घटना बुधवार तड़के की है, जब चोरों ने पुराने मकान को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान समेत लगभग 55 लाख रुपये का माल पार कर दिया था। उस समय घर के सदस्य नए मकान में सो रहे थे, जबकि महेंद्र सिंह चंदेल अपने पुत्र के साथ चित्रकूट गए हुए थे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चार संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस को शक है कि यह वारदात किसी पेशेवर गिरोह ने रेकी कर सुनियोजित तरीके से अंजाम दी है। करीबी की भूमिका से भी इनकार नहीं, अलमारियों की जानकारी पर सवाल जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों को घर में रखे कीमती सामान और अलमारियों की सटीक जानकारी थी। इस वजह से किसी करीबी व्यक्ति की भूमिका या पहले से की गई रेकी की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है। डीसीपी बोले– जल्द होगा खुलासा डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले की जांच कई टीमें कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से लगातार सुराग जुटाए जा रहे हैं। कुछ अहम इनपुट मिलने के बाद टीम को इटावा भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
55 लाख की चोरी में पुलिस के हाथ अहम सुराग:इटावा तक पहुंची जांच, सीसीटीवी फुटेज से मिले संदिग्धों के संकेत