कोलकाता8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में पश्चिमबंग दिवस समारोह में शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल के हुगली में पीएम नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद यह उनका पहला दौरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी की और राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) की शुरुआत की।
इसकी कुल राशि 18,880 करोड़ रुपए है। इस योजना का लाभ देशभर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को मिलेगा। अकेले बंगाल में, 45 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में 900 करोड़ रुपए जमा किए जाएंगे।
इसके अलावा पीएम ने हावड़ा के संकरैल-संतरागाछी लिंक लाइन प्रोजेक्ट लॉन्च किया। 300 बेड वाले नए रेलवे अस्पताल की आधारशिला रखी और पूर्व मेदिनीपुर में हौर-राधामोहनपुर रोड ओवर ब्रिज परियोजना का शिलान्यास किया।
वह रविवार को कोलकाता में रहेंगे। यहां रेड रोड पर योग दिवस के मुख्य आयोजन में शामिल होंगे।

4 मई को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में बंगाल के चुनाव नतीजों के बाद जीत का जश्न मनाया गया था।
बंगाल में इन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे मोदी
- मोदी दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज में आधुनिक सुविधाओं और ज्यादा क्षमता वाले फिशिंग हार्बर और बीरभूम के सैंथिया में नई बनी आधुनिक मछली मंडी का उद्घाटन भी करेंगे। ये प्रोजेक्ट मछली पालन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा।
- 590 करोड़ रुपए की लागत वाले रेलवे प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखेंगे, जिनमें हावड़ा में सांकराइल-संतरागाछी लिंक लाइन प्रोजेक्ट, हावड़ा में 300 बिस्तरों वाला नया डिविजनल रेलवे अस्पताल और पूर्वी मेदिनीपुर जिले में हौर और राधामोहनपुर के बीच एक रोड ओवर ब्रिज शामिल है।
- ग्रामीण कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-III) के तहत विकसित 49 सड़क प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे, जो राज्य के विभिन्न जिलों में 315 किलोमीटर से ज्यादा सड़क नेटवर्क को कवर करेंगी।
कोलकाता में योग दिवस के मुख्य आयोजन को लीड करेंगे
बंगाल दौरे के दूसरे दिन 21 जून को, प्रधानमंत्री मोदी कोलकाता में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे। बंगाल पहली बार देश के मुख्य योग दिवस कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। यह कार्यक्रम कोलकाता के मशहूर रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस साल की थीम, “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक भलाई और सक्रिय बुढ़ापे को बढ़ावा देने में योग की भूमिका पर केंद्रित है।
नौसेना के 3 जहाजों की कमीशनिंग में शामिल होंगे
रविवार को ही पीएम मोदी कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर देश में ही डिजाइन और तैयार किए गए नौसेना के तीन जहाजों को सेवा में शामिल करेंगे। इनमें एडवांस्ड स्टील्थ फ्रिगेट INS दूनागिरी, सर्वे वैसल INS संशोधक और एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट INS अग्रय की कमीशनिंग की जाएगी।
PMO ने कहा कि ये जहाज भारतीय उद्योगों की बड़ी भागीदारी से बनाए गए हैं, जिनमें 200 से ज्यादा MSME शामिल हैं। यह घरेलू जहाज निर्माण और रक्षा उत्पादन के बढ़ते इकोसिस्टम को दिखाता है।
