![]()
कानपुर देहात में नेशनल हाईवे-27 पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रूरा थाना क्षेत्र के नबीपुर नहर पुल के पास हुए इस हादसे में एक ट्रक, इको कार, एंबुलेंस, पिकअप और ट्रैक्टर समेत पांच वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए और हाईवे पर कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार, इको कार में सवार श्रद्धालु मध्य प्रदेश के दतिया से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से एक ट्रैक्टर कथित तौर पर गलत दिशा से आ गया। ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में इको कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई। दूसरी लेन में पहुंचने पर इको कार की एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे कार पलट गई। इसके तुरंत बाद, पीछे से आ रही एक एंबुलेंस भी इस हादसे की चपेट में आ गई और ट्रक ने उसे भी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक पिकअप वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में आशुतोष श्रीवास्तव सहित कई लोग घायल हुए। घायलों को उनके परिजन तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु कराया और हाईवे पर लगे जाम को भी जल्द खुलवा दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए हाईवे क्रेन बुलाई गई है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य रही और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Source link