![]()
अलीगढ़ पहुंचे करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला किया। अम्मू ने विकास के दावों पर कटाक्ष करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि यूपी की सड़कें हेमा मालिनी या ऐश्वर्या राय के गालों जैसी नहीं, बल्कि डिप्टी सीएम के गालों जैसी खुरदरी हो चुकी हैं। कहा कि सोहना से अलीगढ़ का जो सफर पहले 2 घंटे में कटता था, गड्ढों के कारण अब उसमें 4 घंटे लग रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यूपी की राजनीति में सीधे दखल का एलान करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में 50 सीटों पर अकेले उतरने की घोषणा कर दी है। ‘चोरों को चोर और डाकुओं को डाकू कहेंगे’ रामघाट रोड स्थित एक निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के बाद सूरजपाल अम्मू बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा कि करणी सेना हमेशा सच के साथ खड़ी रहेगी। हम चोरों को चोर और डाकुओं को डाकू कहने से कभी नहीं डरेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नाम पर सड़कों के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। इस बदहाली के लिए स्थानीय सांसद, विधायक और मंत्री सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। कल्याण सिंह के दौर से की मौजूदा सरकार की तुलना अम्मू ने कानून व्यवस्था और विकास के मामले में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के कार्यकाल को याद किया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह के समय में जो सड़कें बनी थीं, वे आज भी बेहतर स्थिति में हैं। वहीं, वर्तमान सरकार में नगर निगमों के भीतर भ्रष्टाचार चरम पर है और विकास कार्यों की गुणवत्ता पूरी तरह घटिया हो चुकी है। राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण पर उठाए सवाल करणी सेना प्रमुख ने अयोध्या राम मंदिर निर्माण के दौरान सामने आए करोड़ों रुपए के चंदे की हेराफेरी के आरोपों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। अम्मू ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीयत पर कोई शक नहीं है, लेकिन उनके आस-पास जो लोग बैठे हैं, वे पूरी तरह भ्रष्ट हैं। क्लीन चिट पर आपत्ति उपेंद्र मिश्रा द्वारा चंपत राय को दी गई क्लीन चिट पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिससे देश के करोड़ों सनातनियों और श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। अधिकारियों और भ्रष्ट नेताओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब गाड़ी के टायर घिस चुके हैं और उनसे धागे निकल रहे हैं, वक्त आ गया है कि इन टायरों को बदल दिया जाए। अलीगढ़ के विधायकों की संपत्ति जांचने की मांग सूरजपाल अम्मू ने अलीगढ़ के राजनीतिक गलियारों में भी खलबली मचा दी। उन्होंने यहां के सभी विधायकों की संपत्ति की जांच कराने की मांग उठा दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि बनने के बाद नेताओं की संपत्ति में कितना इजाफा हुआ है, इसका पूरा ब्यौरा सार्वजनिक होना चाहिए ताकि जनता के सामने दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। ये रहे मौजूद इस मौके पर करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौरव चौहान, प्रदेश अध्यक्ष आशीष चौहान, वीरू भदौरिया, डॉ. दिनकल सिंह परिहार, राणा मुनि प्रताप सिंह, सुमित तोमर, गौरव दुबे, सुनील ठाकुर, आदित्य मुखरिया और राहुल शर्मा सहित भारी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
अलीगढ़ में करणी सेना प्रमुख के विवादित बोल:सूरजपाल अम्मू बोले– यूपी की सड़कें हेमा मालिनी या ऐश्वर्या राय जैसी नहीं, बल्कि डिप्टी सीएम के गालों जैसी खुरदरी