![]()
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से 20 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसा हमीरामऊ गांव के पास हुआ, जब हमीरपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े राज पुत्र कैलाश को जोरदार टक्कर मारते हुए मिट्टी के ढेर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। चार भाइयों में सबसे छोटा था राज मृतक राज गांव जल्ला का रहने वाला था और चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मां मिथलेश का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Source link
तेज रफ्तार कार ने किशोर को रौंदा, मौत:सजेती क्षेत्र में भीषण हादसा, चार भाइयों में सबसे छोटा था मृतक