![]()
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। एक युवक ने टॉफी का लालच देकर बच्ची को अपने घर के अंदर खींच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। बच्ची के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के भीतर बंद कर लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए उसका विरोध किया और घबराकर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख और पकड़े जाने के डर से आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गया। डरी-सहमी बच्ची ने बाद में अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। वारदात की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत कार्रवाई की। परिजन पीड़ित बच्ची को लेकर सीधे बबेरू कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बबेरू कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रमोद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Source link
10 साल की बच्ची से रेप की कोशिश:बबेरू में टॉफी का लालच देकर युवक ने की हरकत, पुलिस ने केस दर्ज किया