![]()
मूलगंज थानाक्षेत्र के हटिया स्थित रज्जन बाबू पार्क के पास अवैध रूप से बेसमेंट खोदाई के दौरान शनिवार रात मकान की दीवार ढहने के मामले में बेघर हुए पीड़ित ने सपा के प्रदेश सचिव और बिल्डर समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के दौरान दीवार गिरने से जहां चाय दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया था, वहीं छत और दीवार गिरने से छह परिवारों की गृहस्थी बर्बाद हो गई थी। मामले में केडीए ने नोटिस देकर निर्माण कार्य बंद कराया था। अवैध रूप से बनाया जा रहा था बेसमेंट हटिया में रज्जन बाबू पार्क के पास रहने वाले राजकुमार सविता ने बताया कि मकान से सटे भवन में नरेश गर्ग, बिल्डर विक्रम गुप्ता और सपा के प्रदेश सचिव आशीष चौबे समेत अन्य लोगों द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए करीब 30 फीट गहरी खोदाई कर अवैध रूप से बेसमेंट बनाया जा रहा था। इस दौरान शनिवार रात गहरी खोदाई के चलते उनके मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। जिससे चाय दुकानदार बबलू शर्मा के साथ ही पिंटू शर्मा,राजीव मेहरोत्रा सुमित तिवारी, अमित तिवारी,रोहित तिवारी और अखिलेश समेत छह लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं दीवार गिरने से मकान में रह रहे चाय दुकानदार बबलू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकुमार सविता ने बताया कि हादसे में उनकी मां गीता को भी गंभीर चोटें आई और उनकी जान जाते बची। मामले को लेकर राजकुमार ने मूलगंज थाने में नरेश गर्ग, बिल्डर विक्रम गुप्ता और सपा के प्रदेश सचिव आशीष चौबे व तीन अज्ञात समेत छह के खिलाफ तहरीर दी। मूलगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
Source link
दीवार गिरने पर सपा प्रदेश सचिव समेत 6 पर FIR:मूलगंज में बेसमेंट खोदाई के दौरान गिरी थी दीवार, आधा दर्जन परिवारों की बर्बाद हुई थी गृहस्थी