![]()
लखनऊ के पीजीआई इलाके में एक कारोबारी ने कार विक्रेता और उसकी पत्नी पर धोखाधड़ी, फर्जी एनओसी देने और पार्किंग से कार चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। आरोपी महिला निजी स्कूल की टीचर बताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई न होने पर अदालत का दरवाजा खट
.
वृंदावन योजना निवासी हिबाब हुसैन के मुताबिक उन्होंने दिसंबर 2023 में अमित कुमार गुप्ता से ईको स्पोर्ट्स कार (UP32 KK 2454) 4.80 लाख रुपए में खरीदी थी। आरोप है कि पूरी रकम चेक, ऑनलाइन ट्रांसफर और नकद के माध्यम से देने के बाद वाहन का कब्जा उन्हें सौंप दिया गया था। हालांकि वाहन का ट्रांसफर कराने और बैंक की एनओसी देने के नाम पर अमित लगातार टालमटोल करता रहा।
हिबाब का आरोप है कि बार-बार दबाव बनाने पर अमित ने व्हाट्सएप पर एक एनओसी भेजी, लेकिन बैंक से जांच कराने पर वह फर्जी निकली। विरोध करने पर अमित और उसकी पत्नी शौलना जौहरी ने गाली-गलौज करते हुए गाड़ी ट्रांसफर न करने की बात कही। पार्किंग से उठा ले गए कार पीड़ित के अनुसार 27 मार्च की सुबह जब वह सोसाइटी की पार्किंग में पहुंचे तो उनकी कार गायब थी। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि अमित कुमार गुप्ता अपनी पत्नी शौलना के साथ दूसरी कार से आया और उनकी कार लेकर चला गया। फुटेज में अमित की पत्नी दूसरी कार चलाते हुए दिखाई दे रही है, जबकि अमित बेची हुई इको स्पोर्ट्स लेकर जाता नजर आ रहा है।
हिबाब ने बताया कि कार में दो बैंक खातों की चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जमीनों की रजिस्ट्रियां, एग्रीमेंट, वाहन के दस्तावेज और करीब पांच हजार रुपए नकद रखे थे। उनका आरोप है कि कार के साथ यह सामान भी ले जाया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी देखी, लेकिन पीजीआई थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने प्रभारी निरीक्षक पीजीआई और पुलिस कमिश्नर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस से कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर दिया। जिसके आदेश पर रविवार को मुकदमा दर्ज हुआ। मामले में इंस्पेक्टर पीजीआई का कहना है कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है।