![]()
हरदोई के बावन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन रविवार को किया गया। यह शिविर मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में लगाया गया था। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में इसका उद्घाटन किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने शिविर में भाग लेकर मुफ्त चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में आए मरीजों की मुफ्त खून जांच, रक्तचाप (बीपी) और शुगर की जांच की गई। डॉक्टरों की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच कर परामर्श दिया। परामर्श के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का जिक्र किया, जिन्होंने देश के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई हैं। अग्रवाल ने कहा कि इसी सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है, ताकि क्षेत्र का कोई भी नागरिक इलाज से वंचित न रहे। बावन के ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह ने आयुष्मान भारत और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर ढंग से प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की सराहना की। सीएचसी बावन के अधीक्षक डॉ. पंकज मिश्रा ने शिविर में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पीएम राहत योजना के बारे में भी जानकारी दी, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दिनेशपाल वर्मा, देश दीपक दीक्षित, नाजिम खान, हेमंत सिंह, श्याम सिंह, वीरपाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और अन्य लाभार्थी मौजूद रहे।
Source link
बावन सीएचसी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन:मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मुफ्त जांच और दवाएं बांटी गईं