नोएडा में निवेश के नाम पर 17 लाख की ठगी:मोटा मुनाफा दिखाया, रकम वापस मांगने पर संपर्क तोड़ा, पुलिस कर रही जांच


शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर साइबर जालसाजों ने सेक्टर-49 निवासी एक युवक से 17 लाख 30 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराने के बाद साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-49 के बरौला स्थित हनुमान विहार निवासी 27 साल के राकेश कुमार ने बताया कि वह शेयर बाजार में निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा कमाने के उद्देश्य से कुछ लोगों के संपर्क में आए थे। आरोप है कि जालसाजों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताते हुए उसे शेयर बाजार में निवेश करने पर कम समय में अधिक रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने उसे विभिन्न माध्यमों से निवेश करने के लिए प्रेरित किया। रकम वापस मांगने पर संपर्क तोड़ा
भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग चरणों में उससे कुल 17.30 लाख रुपए निवेश करा लिए। शुरुआत में उसे लाभ का झांसा दिया गया, लेकिन बाद में जब उसने अपनी रकम वापस निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथ हुई ठगी का खुलासा हुआ। राकेश कुमार ने इस संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम पुलिस कर रही जांच
शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को अनजान व्यक्तियों, सोशल मीडिया ग्रुप और बिना सत्यापन वाले निवेश प्लेटफॉर्म के झांसे में आने से बचना चाहिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *