बांदा में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़:एक आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामग्री बरामद


बांदा में अवैध गुटखा निर्माण के खिलाफ कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से गुटखा बना रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूलाल पुत्र मधुसूदन के रूप में हुई है, जो रब्बानिया नगर, थाना कोतवाली नगर का निवासी है। पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बाबूलाल अपने मकान में नकली और अपमिश्रित गुटखा तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में बेच रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसके घर पर छापा मारा और मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी बाबूलाल ने बताया कि वह काफी समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था। वह तैयार गुटखा को विभिन्न क्षेत्रों में बेचकर मुनाफा कमाता था। उसने यह भी बताया कि गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीन शॉर्ट सर्किट से जल गई थी, जिसे उसने कबाड़ में बेच दिया था और नई मशीन लगाने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है। इसमें 175.5 किलोग्राम सुपारी, 68 किलोग्राम तंबाकू, 69 किलोग्राम निर्मित अपमिश्रित गुटखा और विभिन्न कंपनियों के 35.5 किलोग्राम पाउच शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी बाबूलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *