![]()
सजेती के हरदौली गांव में गुरुवार दोपहर यमुना नदी में डूबने से नौ वर्षीय बालक आयुष की मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, हरदौली गांव निवासी दिनेश निषाद का बेटा आयुष गुरुवार दोपहर अपने दादा शिवबालक के साथ यमुना नदी किनारे पहुंचा था। दोपहर करीब एक बजे शिवबालक अपने मवेशियों को पानी पिलाने और नहलाने के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान आयुष भी उनके साथ था और नदी में नहाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मवेशियों को नहलाने में व्यस्त दादा की नजर कुछ देर के लिए आयुष से हट गई। इसी बीच आयुष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब दादा ने पीछे मुड़कर देखा तो आयुष नदी में दिखाई नहीं दिया। उन्होंने तुरंत शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास मौजूद नाविक और गोताखोर मौके पर पहुंचे और आयुष की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद गोताखोरों ने आयुष को नदी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी और हमीरपुर पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। आयुष अपनी दो छोटी बहनों का इकलौता बड़ा भाई था। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
Source link
सजेती में यमुना नदी में डूबने से मासूम की मौत:इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम, गांव में पसरा मातम