![]()
मुज़फ्फ़रनगर में गुरुवार सुबह खालापार थाना पुलिस और डीजल चोर गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर राणा चौक से शामली की ओर जाते समय काली नदी पुल से पहले जंगल क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान शहजाद पुत्र इस्लाम निवासी गांव मन्ना माजरा, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शहजाद और उसका साथी आसिफ स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर होटलों और ढाबों के बाहर खड़े ट्रकों के डीजल टैंक के ताले तोड़कर डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो दोनों बदमाश वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शहजाद के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी आसिफ मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, एक ज़िंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, स्विफ्ट डिजायर कार, छह प्लास्टिक कैन (तीन भरे और तीन खाली) तथा करीब 120 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी आसिफ की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग अभियान चला रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
Source link
मुजफ्फरनगर में ट्रकों का डीजल चुराने वाला बदमाशों से मुठभेड़:गोली लगने से एक घायल, एक साथी फरार; डीजल, तमंचा और कार बरामद