![]()
महोबा में पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे दो चचेरे भाई सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह घटना चरखारी कोतवाली क्षेत्र के गौरहरी गांव के पास हुई। उरई से परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे पवन कुशवाहा और राजेश कुशवाहा को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा बीती रात उस समय हुआ जब चरखारी कस्बे के शेखन फाटक निवासी पवन कुशवाहा और उनके चचेरे भाई राजेश कुशवाहा अपनी बाइक से उरई से वापस घर लौट रहे थे। गौरहरी गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई बाइक समेत सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे जा गिरे और लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। उसी मार्ग से गुजर रहे अन्य परीक्षार्थियों ने यह मंजर देखा और तुरंत मदद के लिए आगे आए। छात्रों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी कार को रोक लिया, लेकिन कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल छात्रों ने बताया कि कार चालक अत्यधिक शराब के नशे में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। मौके पर मौजूद अन्य परीक्षार्थियों ने तुरंत घायलों के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल भाइयों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है, और घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ-साथ मामले की जांच में जुट गई है।
Source link
महोबा में सड़क हादसे में दो चचेरे भाई घायल:पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे थे, अंधेर का फायदा उठाकर फरार हुआ कार चालक