कानपुर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नमस्कार, कानपुर की कल (मंगलवार) की बड़ी खबरें…कानपुर में सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।
इस दौरान बाइक का हैंडल फ्लाईओवर के जल निकासी पाइप से जा टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पाइप उखड़कर दूर जा गिरा। तीनों युवक करीब 50 मीटर दूर तक घसीटते हुए चले गए।
प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लग गई। उसका धुआं 2 किमी दूर से दिखाई पड़ा। फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां ने ढाई घंटे में काबू पाया। 10 करोड़ का 600 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसे आटा-मैदा लदे कंटेनर में छिपाकर उड़ीसा से आगरा ले जाया जा रहा था। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…।
सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें-
1- कानपुर में प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लगी:2km तक दिखा धुआं, फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां ने ढाई घंटे में पाया काबू

कानपुर में संगीत टाकीज के पास स्थित प्लाईवुड गोदाम में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने गोदाम में मौजूद प्लास्टिक उत्पादों को अपनी जद में ले लिया, जिससे आग ने विकाराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पल भर में 2 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखने लगा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर लाटूश रोड, कर्नलगंज, फजलगंज, मीरपुर कैंट की करीब 9 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग चिंगारी या भीषण गर्मी से लगी है। इसे पता किय जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
2 – कानपुर में 10 करोड़ का 600 किलो गांजा जब्त:आटा-मैदा लदे कंटेनर में छिपाकर उड़ीसा से आगरा ले जा रहे थे, अलग रंग की बोरी से पहचान हुई

कानपुर में आटा लदे कंटेनर में गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गई है। तस्करों ने इसे अलग रंग की बोरियों में भर रखा था। पकड़े गए गांजा का वजन 600 किलो से अधिक है। बाजार में इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपए है। पुलिस ने इस कंटेनर को करीब 15 किमी पीछा करके पकड़ा है।
कंटेनर का मालिक ही गाड़ी को ड्राइव कर रहा था। उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांजा की यह खेप उड़ीसा से लाई गई थी। इसे आगरा पहुंचाया जाना था। उसके पहले ही कानपुर में पुलिस ने इसे पकड़ लिया। पढ़ें पूरी खबर…
3- कानपुर में अभ्यर्थियों के मुंह खुलवाकर देखे:बड़े बालों में हाथ डालकर जांच की, पहले दिन 23% ने छोड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा

उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को शहर के 54 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षार्थियों का प्रवेश दिया गया। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे आयोजित किया गया। रावतपुर स्थित रामलाल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से सख्त नजर आई।
यहां लंबे बाल वाले अभ्यर्थियों के बालों की गहन जांच की गई, जबकि लाइन में खड़े परीक्षार्थियों से मुंह खुलवाकर भी चेकिंग की गई ताकि किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर न पहुंच सके। वहीं पहले दिन कुल 76.56% अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 23.44% अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पढ़ें पूरी खबर…
4- कानपुर का पारा 41.4°C पहुंचा:दोपहर में तापमान बढ़ा, लू ने परेशान किया; अगले 3 दिन में बारिश का अलर्ट

कानपुर में जून की गर्मी अब बढ़ती नजर आ रही है। मंगलवार को सुबह तेज हवा और बादल के कारण राहत की उम्मीद जगी, लेकिन दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर 02:00 बजे लू जैसे हालात बने रहे। उमस ने परेशानी को और बढ़ा दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है। इसके साथ ही गर्म हवा चलने से तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर…
5- ट्रेनों में सफ़र के लिए खिड़की से घुसे: कानपुर सेंट्रल पर हजारों परीक्षार्थियों की भीड़ पहुंची, शौचालय में सफर कर रहे यात्री

पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन परीक्षा के बाद सोमवार रात कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों और परीक्षार्थियों की भीड़ बढ़ गई। आने वाली ट्रेनों में स्लीपर क्लास से लेकर जनरल कोच में घुसने के लिए लोग ट्रेन में घुसने के लिए मशक्कत करते दिखे।
सफर करने वाले यात्री ट्रेन की आपातकालीन खिड़की से घुसते दिखे तो कई शौचालय में सफर करने को मजबूर नजर आए। परीक्षा देकर वापस लौटने वाले और मंगलवार को दूसरे दिन की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के इकट्ठा होने से भीड़ बढ़ गई। पढ़ें पूरी खबर…
6- कानपुर गंगापुल पर ट्रक ने कार को टक्कर मारी:दो SBI कर्मी बाल-बाल बचे, 3km लंबा जाम लगा

कानपुर-उन्नाव सीमा पर स्थित गंगापुल पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग पर जा चढ़ी। इस हादसे में कार में सवार दो एसबीआई कर्मी बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के कारण पुल पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बाधित हुआ।
चकेरी के श्यामनगर निवासी एसबीआई कर्मचारी अमित शर्मा अपने सहकर्मी निशांत शर्मा के साथ उन्नाव के गगनखेड़ा स्थित एसबीआई शाखा में ड्यूटी पर जा रहे थे। गंगापुल पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग पर चढ़ गई। पढ़ें पूरी खबर…
7- कानपुर जू में घड़ियाल के 15 बच्चों का जन्म:रेत में छिपे अंडों से बाहर आए, पक्षियों से बचाने के लिए ग्रीन नेट लगे; 2 डॉक्टर देखरेख कर रहे

कानपुर जू में 12 साल बाद घड़ियाल के 15 बच्चों का जन्म हुआ है। ये पहली सफल ब्रीडिंग हुई है, 2017 में रेस्क्यू कर लाए गए घड़ियाल के जोड़े से 15 अंडे हुए। अभी तक चिड़ियाघर में घड़ियाल का एक जोड़ा था, लेकिन अब 14 बच्चे होने के बाद यहां कुल संख्या 17 हो गई है।
मादा ने करीब दो महीने तक अंडों को सहेज कर रखा। इन बच्चों को पक्षियों से बचाने के लिए अलग से ग्रीन नेट से कवर किया गया है। इसके बाद जू प्रशासन ने बच्चों की रखवाली के लिए दो डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है। दैनिक भास्कर ने जू के निदेशक डॉ. कन्हैया पटेल और डॉ. नासिर से बात की। पढ़ें पूरी खबर…
8- कानपुर में शिलापट की राजनीति गरमाई:72 घंटे में बदले पत्थर, अब सुरेश अवस्थी के साथ सपा विधायक नसीम का भी नाम लिखा

कानपुर के रामबाग में बने सुलभ शौचालय का उद्घाटन तो विकास कार्य के रूप में हुआ, लेकिन इसके शिलापट्ट पर नामों को लेकर सियासत गरमा गई। सपा विधायक नसीम सोलंकी का नाम नहीं होने पर उठे विवाद के बाद 24 घंटे के भीतर दूसरा शिलापट्ट लगाया गया। इसके बाद एक ही परियोजना पर दो-दो पत्थर लगने की चर्चा शुरू हुई तो नगर निगम को हस्तक्षेप करना पड़ा।
अगले 24 घंटे में फिर बदलाव हुआ और पहले लगाए गए शिलापट्ट को हटाकर नया शिलापट लगाया गया। अब अंतिम रूप से लगाए गए शिलापट में विधायक नसीम सोलंकी के साथ भाजपा के सीसामऊ विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी सुरेश अवस्थी का नाम भी शामिल कर दिया गया है। तीन दिनों तक चले इस घटनाक्रम ने शहर में विकास कामों से ज्यादा शिलापट की राजनीति को चर्चा में ला दिया। पढ़ें पूरी खबर…
9- जल निकासी के पाइप से टकराई बाइक, युवक की मौत:कानपुर में 50 मीटर घसीटते चले गए तीन दोस्त, सैलून जाने की बात कहकर निकले थे

कानपुर में सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इस दौरान बाइक का हैंडल फ्लाईओवर के जल निकासी पाइप से जा टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि पाइप उखड़कर दूर जा गिरा। तीनों युवक करीब 50 मीटर दूर तक घसीटते हुए चले गए। हेलमेट न पहने होने के कारण तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को लेकर कांशीराम अस्पताल पहुंची। पढ़ें पूरी खबर….
10- कानपुर में गणेश शंकर विद्यार्थी की नई मूर्ति लगी:कानपुर में सपा MLA बोले- मूर्ति चोर को जनता माफ नहीं करेगी

कानपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई ने मंगलवार को माल रोड स्थित नयागंज मेट्रो स्टेशन गेट के पास गणेश शंकर विद्यार्थी की नई प्रतिमा स्थापित कराई। प्रतिमा स्थापना के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने नारेबाजी भी की।
दरअसल, नयागंज मेट्रो स्टेशन के निर्माण के दौरान वहां लगी गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को हटा दिया गया था। मेट्रो निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी प्रतिमा दोबारा स्थापित नहीं की गई, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया था। पढ़ें पूरी खबर…
