बहराइच में पूर्व विधायक ने पेश की प्रगति रिपोर्ट:भाजपा विधायक पर विकास में बाधा डालने का आरोप


बहराइच की पयागपुर नगर पंचायत के गठन के तीन वर्ष पूरे होने पर विकास कार्यों को लेकर राजनीति गरमा गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता में विकास रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए भाजपा विधायक पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए पलटवार किया है। पयागपुर नगर पंचायत अध्यक्ष बालेंद्र श्रीवास्तव और पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने संयुक्त प्रेस वार्ता में ‘3 वर्ष बनाम 1.5 वर्ष की विकास यात्रा’ शीर्षक से विकास रिपोर्ट कार्ड जारी किया। रिपोर्ट में नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 31 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के स्वीकृत और प्रस्तावित होने का दावा किया गया। पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी ने नगर पंचायत के विकास कार्यों में लगातार व्यवधान उत्पन्न किया। उन्होंने कहा कि जून 2023 में पहली बोर्ड बैठक में 185 विकास प्रस्ताव पारित किए गए थे, लेकिन बाद में राजनीतिक दबाव के चलते बोर्ड को लगभग डेढ़ वर्ष के लिए बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अदालत से राहत मिलने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष को पुनः बहाल किया गया। मुकेश श्रीवास्तव ने दावा किया कि बहाली के बाद विकास कार्यों को गति मिली और लगभग 31 करोड़ रुपये की योजनाओं को स्वीकृति मिली। उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकाल में खर्च किए गए प्रत्येक रुपये का हिसाब देने को तैयार हैं और भाजपा विधायक से भी चुनाव पूर्व किए गए 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के दावों का सार्वजनिक विवरण देने की मांग की। विधायक सुभाष त्रिपाठी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जनता इन आरोपों की सच्चाई जानती है और विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। वहीं भाजपा नेता निशंक त्रिपाठी ने भी पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व विधायक स्वयं पुराने मामलों में आरोपों का सामना कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन बयानों को गंभीरता से नहीं लेती और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। पयागपुर में विकास और राजनीतिक दावों को लेकर शुरू हुई यह बयानबाजी अब स्थानीय राजनीति का प्रमुख मुद्दा बनती दिखाई दे रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *