![]()
पीलीभीत के जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक बस के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। बारात से लौटते समय हुई इस घटना में बस चालक और उनके 16 वर्षीय बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। बस में भी आग लग गई। यह घटना जहानाबाद के गौनेरी गांव में रात करीब 11 बजे हुई। शहर के मोहल्ला मोहम्मद फारूक निवासी सज्जन (65) अपनी बस से बारात लेकर बरेली गए थे। उनके साथ उनका 16 वर्षीय बेटा सुभान भी था।
बारात वापस लौटने पर बारातियों को उतारने के बाद सज्जन बस को मोड़ रहे थे, तभी बस ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। करंट का झटका इतना तेज था कि चालक सज्जन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे सुभान को ग्रामीणों और बारातियों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और उसने दम तोड़ दिया। करंट लगने के कारण बस में आग भी लग गई थी। परिजनों ने बताया कि सज्जन ने तीन साल पहले कर्ज और अपनी जमापूंजी से यह बस खरीदी थी। इसी बस से उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। सज्जन के दो बेटों में सुभान छोटा था। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सदर नताशा गोयल पुलिस बल के साथ घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचीं। मृतक के परिजनों ने रात में ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
Source link
बस में हाईटेंशन करंट उतरा, पिता-पुत्र की मौत:पीलीभीत में बारातियों को उतारने के बाद बस मोड़ रहा था, 3 साल पहले कर्ज लेकर खरीदी थी