आगरा में 50% तक बढ़े खांसी-जुकाम के मरीज:पर्चे और दवाई के लिए लगी लंबी लाइन, जमीन पर बैठकर करते रहे अपनी बारी का इंतजार


दो दिन बाद खुली ओपीडी में सोमवार को एसएन मेडीकल कॅालेज में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। अस्पताल में सबसे ज्यादा मरीज खांसी-जुकाम और बुखार के पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार इस समय ओपीडी में आने वाले करीब 50 से 60 प्रतिशत मरीज खांसी-जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। वहीं पर्चा बनवाने के लिए लंबी लाइनें लगी रहीं और दवा लेने के लिए कई मरीज जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। सोमवार सुबह से ही ओपीडी में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ बढ़ने लगी। पर्चा बनवाने के काउंटर पर महिला-पुरुषों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। अस्पताल आई महिला मरीज रेखा ने बताया कि यहां पर्चा बनवाने में अक्सर काफी समय लग जाता है और कभी-कभी घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। दवा काउंटर पर भी यही स्थिति रही। कई मरीज और बुजुर्ग महिलाएं जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। भीड़ अधिक होने के कारण मरीजों को दवा लेने में भी समय लग रहा था। एसएन में असिस्टेंट प्रोफेसर प्रकाश पर्सनानी, ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ी है। ओपीडी में आने वाले करीब 50 प्रतिशत से ज्यादा मरीज इसी समस्या से जुड़े हैं। उन्होंने लोगों को इस मौसम में ठंडा पानी और ठंडी चीजों का सेवन कम करने की सलाह दी है। उन्होंने यह भी बताया कि इन दिनों सांस से जुड़ी समस्याएं (रेस्पिरेटरी इलनेस) खासतौर पर उन लोगों में ज्यादा देखी जा रही हैं जिन्हें पहले से सांस की बीमारी है या जो धूम्रपान करते हैं। ऐसे लोगों को सावधानी बरतने, धूम्रपान कम करने और मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *