CM योगी ने गोंडा में ₹516 करोड़ की सौगात दी:262 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया, बोले- अब युवाओं को पहचान के लिए मोहताज नहीं होना पड़ता


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में 516 करोड़ रुपए की लागत वाली 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र और प्रमाणपत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से विकास की नई तस्वीर बनी है। अब गोंडा समेत पूरे उत्तर प्रदेश के युवाओं को पहचान के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ता। योगी ने कहा कि कभी विकास की दौड़ में पीछे छूट गया गोंडा आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां निवेश बढ़ रहा है और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। बोले- पहले मेडिकल कॉलेज सपना था, अब हकीकत मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोंडा में मेडिकल कॉलेज की कल्पना तक नहीं की जाती थी, लेकिन आज यहां मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है। जिले में इंजीनियरिंग और एग्रीकल्चर कॉलेज भी हैं। साथ ही स्कूल, अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए सड़क, पुल, पुलिया और अन्य विकास कार्यों के प्रस्तावों पर तेजी से निर्णय ले रही है। 60 हजार से ज्यादा पुलिस भर्ती का जिक्र योगी ने हाल ही में हुई 60,244 पुलिस कर्मियों की भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर के सैकड़ों युवाओं को इसमें नौकरी मिली है। अब रोजगार केवल नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल और तराई के जिलों तक पहुंच रहा है। अयोध्या और श्रावस्ती का भी किया जिक्र मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना है। आज अयोध्या दुनिया भर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। उन्होंने श्रावस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के पुत्र लव ने श्रावस्ती बसाई थी और भगवान बुद्ध ने वहां चातुर्मास बिताया था। प्रदेश सरकार वहां एयरपोर्ट का निर्माण करा रही है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। 5 जून से 21 जून तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम योगी ने बताया कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और ऋण मेले लगाए जाएंगे। प्राकृतिक खेती और सौर ऊर्जा पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ रहा है। लोगों को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि घर-घर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। नए प्रस्तावों को भी मंजूरी मुख्यमंत्री ने कहा कि 516 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के साथ जिले के लिए नए विकास प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए हैं। मटियारी घाट पर लंबे पुल के निर्माण और घाघरा नदी के किनारे बाढ़ नियंत्रण परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा रमापुर में पशु चिकित्सालय, राजकीय आईटीआई और कर्नलगंज में आधुनिक कार्यशाला बनने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *