युवक जलाशय में डूबा, लापता होने की आशंका:डेढ़ साल पहले भाई की सड़क हादसे में हुई थी मौत


बलरामपुर के कोतवाली गैसड़ी थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय युवक जलाशय में डूबने से लापता हो गया। ग्राम भोजपुरी संतरी निवासी रहीम पुत्र सलीम मनिहार शनिवार को अपने दोस्तों के साथ चित्तौड़गढ़ जलाशय घूमने गया था। सुबह करीब 11:30 बजे हुई इस घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय वह गहरे पानी में डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धूप के कारण रहीम और उसके साथी जलाशय में नहाने उतरे थे। पहले वे कम गहरे पानी में थे, लेकिन बाद में कुछ युवक और गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान रहीम अचानक लापता हो गया। उसके साथियों और स्थानीय लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी रामपाल यादव ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोज अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जलाशय के अंदर पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए कई पिलर बने हुए हैं, और कुछ जगहों पर सरिया भी बाहर निकला हुआ है। आशंका है कि रहीम किसी पिलर या सरिये में फंस गया हो। युवक की तलाश के लिए बांध का गेट भी खोला गया और लगभग 30 मिनट तक जल निकासी की गई, लेकिन इससे भी कोई सफलता नहीं मिली। मौके पर सब इंस्पेक्टर ब्यास सिंह, राजेंद्र यादव, डायल 112 पुलिस टीम और आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे, जो खोज अभियान में जुटे हुए थे। प्रभारी निरीक्षक दुर्विजय ने जानकारी दी कि डूबे हुए युवक की तलाश लगातार जारी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। रहीम एक साधारण परिवार से आता है, जिसके पिता सलीम मनिहार टुकटुक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार पहले से ही एक बड़े सदमे से गुजर चुका है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रहीम के मझले भाई हलीम (18 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिवार में तीन भाई थे। सबसे बड़े भाई अलीम मुंबई में रहकर काम करते हैं। रहीम सबसे छोटा भाई था और वह भी मुंबई में काम करता था। बकरीद के अवसर पर वह घर आया हुआ था, लेकिन त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। रहीम के लापता होने की खबर से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *