![]()
स्वास्थ्य विभाग की ओर से “मलेरिया माह जून” के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को विकासखंड सेवापुरी में देईपुर बड़ोरा स्थित पंचायत भवनमें विशेष फीवर कैंप का आयोजन किया गया। यहां बुखार से प्रभावित एवं संदिग्ध व्यक्तियों की रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट के माध्यम से मलेरिया जांच की गई। कुल 24 व्यक्तियों की जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई। ग्रामीणों को इससे बचाव के बारे में जानकारी दी गई। CMO डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनपद में मलेरिया नियंत्रण एवं उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय है। मलेरिया माह जून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष फीवर कैंप, सर्विलांस, जनजागरूकता एवं रोग नियंत्रण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि बुखार होने पर स्वयं उपचार न करें, बल्कि निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल जांच कराएं तथा मच्छरों से बचाव के उपायों को नियमित रूप से अपनाएं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद चंद पांडेय ने बताया कि मलेरिया उन्मूलन की दिशा में समुदाय की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि मलेरिया माह जून के दौरान संवेदनशील ग्रामों में फीवर सर्वे, जांच, जनजागरूकता अभियान एवं रोग नियंत्रण गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।
Source link
मलेरिया के प्रति संवेदनशील गांवों में विशेष फोकस:वाराणसी के कई गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ‘मलेरिया माह’ के तहत चलाया अभियान, हुई जांच