![]()
शाहजहांपुर में चार वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सौतेले पिता ने पड़ोसी के बच्चे की कॉपी फाड़ने की मामूली बात पर बच्ची को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को खेत में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खुदाई कर बच्ची की हड्डियां और कपड़े बरामद किए हैं। मामला तिलहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 4 मई को चार वर्षीय बच्ची अपने घर के पास खेलने गई थी। खेल के दौरान उसने पड़ोसी के बच्चे की कॉपी फाड़ दी। इसकी शिकायत लेकर पड़ोसी बच्ची के घर पहुंचा। उस समय बच्ची का सौतेला पिता अखिलेश शराब के नशे में था। शिकायत सुनते ही वह आगबबूला हो गया और बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि उसने बच्ची को जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। घटना के बाद अखिलेश बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय बच्ची की मां दिव्यांशी भी मौजूद थी और उसने बच्ची को बचाने का प्रयास किया था। शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची पुलिस जांच में सामने आया कि बेटी की मौत के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। वह शव को अपने गांव मानपुर ले गया, जहां पिता की मदद से खेत में गड्ढा खोदकर बच्ची को दफना दिया। उसके साथ बच्ची की फ्रॉक भी गड्ढे में डाल दी गई। आरोप है कि घटना के बाद अखिलेश अपनी पत्नी दिव्यांशी को लेकर दूसरे जिले में रहने वाली अपनी बहन के घर चला गया और उसे किसी से संपर्क नहीं करने दिया। किसी तरह 27 मई को दिव्यांशी ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता उसे शाहजहांपुर लेकर आए और आरसी मिशन थाने में तहरीर दी। निशानदेही पर बच्ची की फ्रॉक बरामद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसकी निशानदेही पर खुदाई कराई गई, जिसमें बच्ची की फ्रॉक बरामद हुई थी, लेकिन शव नहीं मिला था। शुक्रवार को तीन जेसीबी मशीनों की मदद से दोबारा खुदाई कराई गई। इस दौरान फ्रॉक मिलने वाली जगह से कुछ दूरी पर बच्ची की हड्डियां और अन्य कपड़े बरामद हुए। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी अवशेषों को कब्जे में लिया और जांच के लिए सुरक्षित कर लिया। बरामद कपड़ों की पहचान बच्ची की मां दिव्यांशी ने की। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
दिव्यांशी ने करीब तीन वर्ष पहले अपने पहले पति को छोड़कर अखिलेश से मंदिर में विवाह किया था। अखिलेश पहले मोमोज का ठेला लगाता था और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने थे। विवाह के बाद दिव्यांशी अपनी बेटी के साथ अखिलेश के साथ रहने लगी थी। अब मासूम की हत्या का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Source link
पिता ने 4 साल की बच्ची को पीट-पीटकर मार डाला:शाहजहांपुर में कॉपी फाड़ने पर हुआ था गुस्सा, खुदाई में मिलीं हड्डियां और कपड़े