बाराबंकी में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर:प्रशासन ने ध्वस्त किए अनधिकृत निर्माण, जारी किया था नोटिस


बाराबंकी में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खजूरगांव में बुलडोजर चलाकर अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई, जिसमें कई गाटा संख्याओं पर विकसित अवैध प्लॉटिंग हटाई गई।
बाराबंकी में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम खजूरगांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने किया। प्रशासन के अनुसार समर्थ इंफ्रा और गोल्डमार इंफ्रा नामक विकासकर्ताओं द्वारा क्षेत्र में बिना आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों के प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। प्रशासन ने बताया कि संबंधित विकासकर्ताओं को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमों का पालन करने और अवैध प्लॉटिंग हटाने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाए गए। इसके बाद नियत प्राधिकारी न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 4 जून 2026 को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध प्लॉटिंग तथा उससे जुड़े निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान गाटा संख्या 1391, 1392, 1269, 1352 सहित कई अन्य भूखंडों पर विकसित की गई अनधिकृत प्लॉटिंग हटाई गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व और प्रशासनिक विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने कहा कि जनहित और नियमानुसार विकास सुनिश्चित करने के लिए अवैध प्लॉटिंग तथा बिना स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी कर किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध निर्माणों और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि भूमि उपयोग नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और लोगों को अवैध परियोजनाओं से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *