1500 Patients Checked, 180 Get Free Surgery Dates

लखनऊ6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

‘मरीज अस्पताल न जाए, बल्कि अस्पताल खुद मरीज तक पहुंचे।’ सत्य साई बाबा के इसी सेवा मंत्र को हकीकत में बदलते हुए रविवार को आशियाना के चांसलर क्लब में विशाल हृदय रोग निदान शिविर लगाया गया। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए करीब 1500 मरीजों के लिए यह शिविर नई उम्मीद लेकर आया।

सत्य साई सेवा संगठन यूपी और गुजरात के सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 400 लोगों ने पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन मौके पर करीब 1000 और लोग पहुंच गए। गुजरात से आए 8 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने एक-एक मरीज की बारीकी से जांच की।

मुफ्त सर्जरी के लिए मिली तारीखें

शिविर में 65 साल तक की उम्र के मरीजों की ईको और अन्य जरूरी जांचें की गईं। जांच के बाद 180 गंभीर मरीजों को चिन्हित किया गया। इन मरीजों को अहमदाबाद और राजकोट के अस्पतालों में CABG, MVR और ASD जैसी जटिल सर्जरी के लिए ऑपरेशन की तारीखें दी गईं। खास बात यह है कि यह सभी ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क होंगे।

जस्टिस राजेश सिंह चौहान बोले- यह सच्ची मानव सेवा

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हाईकोर्ट के जस्टिस राजेश सिंह चौहान ने कहा कि समाज के गरीब तबके के लिए यह सेवा प्रोजेक्ट किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने साईं बाबा के सेवा प्रकल्पों की सराहना की। वहीं अस्पताल के निदेशक डॉ. मनोज भीमानी ने बताया कि उनके संस्थान में दिल के गंभीर से गंभीर ऑपरेशन बिना किसी खर्च के किए जाते हैं।

भजन और भोजन का संगम

शिविर का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रहा। कानपुर, बरेली और गोरखपुर जैसी जगहों से आई भजन मंडलियों ने प्रस्तुति दी। सेवाभाव का आलम यह था कि दूर-दराज से आए मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए रहने, नाश्ते और खाने का पूरा प्रबंध था। करीब 1200 लोगों ने निशुल्क भोजन प्रसाद ग्रहण किया।मुख्य आयोजक: प्रदेश अध्यक्ष सचिन नेब, उपाध्यक्ष धनंजय शर्मा और जिला अध्यक्ष अजय कपूर ने सभी का आभार जताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *