HPCL दोहरे हत्याकांड के 5 आरोपियों पर चार्जशीट:बदायूं में मुख्य आरोपी अजय प्रताप समेत अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल


बदायूं एचपीसीएल में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने आज घटना के 83वें दिन चार्जशीट दाखिल कर दी है। मुख्य आरोपी अजय प्रताप समेत इस मामले के साजिशकर्ताओं और सहयोगियों को मिलाकर 5 नाम चार्जशीट में शामिल हैं। पुलिस के पास घटना से जुड़े पुख्ता साक्ष्यों के अलावा फोरेंसिक जांचें हैं। इनके आधार पर यह प्रक्रिया अमल में लाई गई है। दरअसल, 12 मार्च को मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट के डीजीएम सुधीर गुप्ता और एजीएम हर्षित मिश्रा की 12 मार्च को गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस का दावा है कि प्लांट परिसर में हुए इस दोहरे हत्याकांड को सैजनी गांव निवासी अजय प्रताप ने अंजाम दिया था। इस कांड की नींव पहले ही रखी जा चुकी थी और इसकी साजिश में अजय का भाई केशव व ताऊ राकेश का बेटा अभय भी शामिल थे। अभय ने हथियारों की सप्लाई की थी। दूसरी ओर जिस बोलेरो से इस कांड को अंजाम देने के लिए अजय प्लांट में शामिल हुआ था, उसका ड्राइवर धर्मेंद्र व एक अन्य कर्मचारी मुनेंद्र भी सहयोगी रहे। कुल मिलाकर फुलप्रूव प्लानिंग के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया और दोनों अधिकारियों की हत्या के बाद अजय ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। तमंचा भी पुलिस को दिया लेकिन उस तमंचे में गन पाउडर की गंध न आने के कारण पुलिस ने उससे रात को पूछताछ की तो असली तमंचा बरामद कराने जंगल में ले गया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में अजय की दोनों टांगों में गोली लगी। मौजूदा वक्त में अजय को प्रशासनिक आधार पर फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में निरुद्ध किया गया है। केशव को बांदा जेल में मंगलवार को शिफ्ट किया गया है। जबकि तीसरे भाई चंद्रशेखर को सोनभद्र जेल भेजा गया है। हालांकि चंद्रशेखर का इस केस से फिलहाल कनेक्शन सामने नहीं आया है। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *