![]()
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के रमना चौकी अंतर्गत नरोत्तमपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के महंगे कपड़े, विदेशी घड़ियां और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह हुई। जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग स्थित धर्मेंद्र सिंह के मकान में उनके रिश्तेदार आकाश अपनी पत्नी के साथ रहते थे। हाल ही में आकाश का तबादला लखनऊ हो जाने के कारण वह 27 मई को आवश्यक सामान लेकर वहां चले गए थे। मकान की देखभाल के लिए एक स्थानीय महिला प्रतिदिन आती थी। मंगलवार सुबह जब वह घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा देखकर हैरान रह गई। उसने घटना की सूचना धर्मेंद्र सिंह के चचेरे भाई रामनारायण सिंह को दी। गेट का कुंडा तोड़कर घर में घुसे चोर रामनारायण सिंह ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रमना चौकी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल कर लौट गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद लोहे के गेट की कुंडी भी तोड़ दी और घर के सभी कमरों को खंगाल डाला। यहां तक कि रसोई और पूजा कक्ष भी नहीं छोड़ा। चोर अलमारी में रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी को असली समझकर उठा ले गए। इसके अलावा कीमती साड़ियां, महंगे कपड़े तथा दो विदेशी घड़ियां भी चोरी कर ली गईं। लगभग 3 लाख का समान गायब रामनारायण सिंह ने बताया कि सौभाग्य से आकाश लखनऊ जाते समय अपने और पत्नी के असली गहने साथ ले गए थे, अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था। उन्होंने बताया कि घर से जाने से पहले एसी खुलवाने के लिए एक मैकेनिक बुलाया गया था, जिस पर भी संदेह जताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने चोरी गए सामान की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई है। मामले में पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
Source link
वाराणसी के बंद घर में 3 लाख का समान गायब:गेट का कुंडा तोड़कर घर में घुसे चोर, पुलिस मामले की जांच में जुटी