चित्रकूट में संदिग्ध हालत में बच्चे की मौत:परिजनों ने हाईवे जाम किया, एसपी ने जांच का आश्वासन दिया


चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार शाम परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। रामनगर निवासी अंकुर विश्वकर्मा (12) रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शाम करीब 7 बजे रामनगर के पास पंप कैनाल के निकट उसका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए।
परिजनों ने अंकुर की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गोलू निषाद पुत्र पप्पू निषाद नामक व्यक्ति आरोपी है, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था और उसने बालक के साथ मारपीट की। परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। घायल अवस्था में बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक सड़क पर हंगामा चलता रहा, जिससे आवागमन बाधित रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसपी ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर रैपुरा थाना प्रभारी राम सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *