![]()
लखनऊ के अलीगंज थानाक्षेत्र में युवक ने साइबर ठगों के जाल में फंसकर 43 लाख रुपए गंवा दिए। ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप निवेश ग्रुप और FARLLON CM नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स के नाम पर और पैसे जमा करने का दबाव बनाया। तब उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। चंद्रलोक कॉलोनी अलीगंज निवासी अभिषेक भारती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 मार्च को उन्हें B7 Investment Strategy Discussion Group नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। बाद में 11 मई को A17 Verma Investment Club Internship Team नाम के दूसरे ग्रुप में शामिल किया गया। दोनों ग्रुपों का संचालन खुद को निवेश विशेषज्ञ बताने वाले जयेश वर्मा नामक व्यक्ति और उसकी टीम कर रही थी। शुरुआत में ग्रुप में शेयर बाजार और निवेश से जुड़ी सामान्य चर्चाएं कर भरोसा जीता गया। इसके बाद आरोपियों ने FARLLON CM नामक ट्रेडिंग ऐप का प्रचार करते हुए कम समय में कई गुना मुनाफा मिलने का दावा किया। भरोसा बढ़ाने के लिए आरोपियों ने खुद को वैध संस्था साबित करने के उद्देश्य से सेबी का कथित प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया। साथ ही एक बैंक खाते का विवरण देकर निवेश को पूरी तरह सुरक्षित बताया। दोस्तों से उधार लेकर पैसा दिया पीड़ित ने बताया कि ऐप में सीधे पैसा जमा करने की सुविधा नहीं थी। हर बार निवेश के लिए आरना नामक महिला अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजती थी। जिनमें रकम ट्रांसफर करनी होती थी। इसके बाद ठगों ने GOLDLINE-P नामक आईपीओ में निवेश कराने का झांसा दिया और 200 से 300 प्रतिशत तक लाभ मिलने का दावा किया। 10 गुना सब्सक्रिप्शन के नाम पर भी अतिरिक्त रुपए जमा कराई गई। आरोपियों ने बाद में बताया कि अपेक्षा से अधिक शेयर आवंटित हुए हैं और उन्हें बेचने के लिए आउटस्टैंडिंग अमाउंट जमा करना जरूरी है। लगातार दबाव और बातों में आकर अभिषेक ने उधार लेकर भी रकम जमा कर दी। पर्सनल इनकम टैक्स मांगने पर शक हुआ पीड़ित के अनुसार, कुछ समय बाद ऐप में उनके खाते में करीब 1.24 करोड़ रुपए दिखने लगे। जिसमें लगभग 43 लाख रुपए निवेश और करीब 80 लाख रुपए लाभ दर्शाया गया था। लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो निकालने नहीं दिया। इसके बाद आरोपियों ने प्रॉफिट पर 15 प्रतिशत पर्सनल इनकम टैक्स जमा करने की शर्त रखी। संदेह होने पर जांच करने पर पता चला कि व्हाट्सएप समूह के अधिकांश सदस्य और मोबाइल नंबर फर्जी थे तथा पूरा नेटवर्क लोगों से ठगी करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। पीड़ित की तहरीर पर अलीगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अलीगंज का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
Source link
फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश कराकर ठगी:मोटे मुनाफे का झांसा देकर 43 लाख ऐंठे, इनकम टैक्स का रुपए मांगने पर खुलासा हुआ