![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दोपहर बाद गोरखपुर आएंगे। वह दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। दो दिनों में करीब 300 करोड़ से अधिक के विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें पर्यटन विकास, उद्योग एवं आवास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री कुशीनगर जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार को दोपहर बाद गोरखपुर पहुंचेंगे। शाम 4 बजे चिलुआताल पहुंचेंगे। वहां चिलुआताल घाट के पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो गया है। पर्यटन विभाग के उप निदेशक राजेंद्र प्रसाद यादव के मुताबिक चिलुआताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 20 करोड़ 39 लाख रुपये की परियोजना को मूर्त रूप दिया गया है। कार्यदायी संस्था के रूप में यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से कराए गए कार्यों में 570 मीटर पाथवे निर्माण, घाट की सीढ़ियों का निर्माण, ताल किनारे रेलिंग, सोलर लाइट, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, बेंच, 400 मीटर एप्रोच रोड, 500 मीटर साइड वाल एवं नाली निर्माण, गेट के सुपर स्ट्रक्चर का कार्य, कैरेट बोल्डर व स्टोन पिचिंग, दुकान, टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण आदि शामिल है। रामगढ़ताल के नौका विहार की तरफ विकसित होने से चिलुआताल की आभा निखरकर सामने आ रही है। लोग सुबह-शाम टहलने के लिए आना शुरू कर दिए हैं।
इसके बाद सीएम गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। वहां अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और जिले में चल रही विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा करेंगे। सीएम के सामने भावी योजनाओं की प्रस्तुति भी दी जाएगी। बुधवार की सुबह सीएम गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्या सुनेंगे। उसके बाद सुबह 11 बजे गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) पहुंचेंगे। वहां 42 कराड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस फ्लैटेड फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। इसमें प्लग एंड प्ले आधार पर रेडीमेड गारमेंट की सुविधा मिलेगी। लगभग 80 उद्यमियों को यहां जगह आवंटित की जाएगी। इस अवसर पर सीएम योगी, गीडा औद्योगिक क्षेत्र में एलआईजी-ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के साथ करीब 208 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
Source link
कल गोरखपुर आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ:दो दिन रहेंगे; 300 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात