![]()
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को पुष्कर (अजमेर) आएंगे। वे पुष्कर में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी सुबह 10 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरेंगे। सीधे पुष्कर के पास तिलोरा में रिसॉर्ट में चल रहे प्रशिक्षण शिविर पहुंचेंगे। वे यहां राजस्थान के 50 और दिल्ली के 15 जिला अध्यक्षों सहित प्रदेश पदाधिकारियों को सत्र में संबोधित भी करेंगे। राहुल शिविर में 10 दिन चले कार्यक्रम की महत्ता की जानकारी देंगे। चिंतन शिविर में कुछ जिला अध्यक्षों के परिवार भी पहुंचे हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने बताया- डॉ. राजकुमार जयपाल के अनुसार, राहुल गांधी राजस्थान और दिल्ली के जिला अध्यक्ष के परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रशिक्षण शिविर में सभी जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे। अशोक गहलोत और डोटासरा एक दिन पहले शिविर में पहुंचे इससे पहले, रविवार को चिंतन शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अन्य नेता शामिल हुए। इस मौके पर गहलोत ने कहा- वर्तमान समय में देश जिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, उनमें कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। जिला अध्यक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। भाजपा लोकतांत्रिक संस्थान को कमजोर कर रही है तथा देश की संवैधानिक व्यवस्था पर लगातार प्रहार हो रहा है। ऐसा रहेगा राहुल गांधी का कार्यक्रम जिला अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के अनुसार, किशनगढ़ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 10:15 बजे सड़क मार्ग से पुष्कर के लिए रवाना होंगे। 11 बजे पुष्कर स्थित वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में पहुंचेंगे। इसके बाद कांग्रेस की ओर से आयोजित चिंतन शिविर में शाम 4 बजे तक कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4:45 बजे वापस किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शाम 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा आगामी नगर निगम और पंचायत चुनावों से पहले कांग्रेस ने संगठन को फिर सक्रिय करने के लिए यह चिंतन शिविर आयोजित किया है। 10 दिवसीय वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करने की ट्रेनिंग दी जा रही है। पार्टी नेतृत्व के मुताबिक, पुष्कर शिविर के बाद जिला अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में ब्लॉक और बूथ स्तर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएंगे। इसके तहत वर्कशॉप, वैचारिक सत्र और स्टडी सर्किल आयोजित किए जाएंगे। फोटो- वीडियो सहयोग- अभिषेक शर्मा (पुष्कर)
Source link
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पहुंचेंगे अजमेर:पुष्कर में चल रहे चिंतन शिविर में होंगे शामिल, 65 जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे