अधिकमास में मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, प्रशासन अलर्ट:जनपद को सुपर जोन में बांटकर विशेष व्यवस्थाएं की गईं


पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के दौरान मथुरा के ब्रज क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। लाखों भक्त ब्रज चौरासी कोस, गोवर्धन, बरसाना और वृंदावन परिक्रमा के साथ-साथ विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए पूरे जनपद को सुपर जोन में विभाजित कर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। गोवर्धन क्षेत्र की व्यवस्था एडीएम फाइनेंस पंकज कुमार वर्मा को, बरसाना क्षेत्र की एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार सिंह को, वृंदावन क्षेत्र की एडीएम नमामि गंगे को, गोकुल-बलदेव-मांट क्षेत्र की एडीएम न्यायिक को और मथुरा शहर की व्यवस्था सिटी मजिस्ट्रेट तथा अपर नगर आयुक्त को सौंपी गई है। ये सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। डीएम ने बिजली, पेयजल, सफाई और यातायात व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। हाल ही में आए आंधी-तूफान से प्रभावित विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त, नगर निगम, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों को परिक्रमा मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र को छोटे सेक्टरों में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विभिन्न स्थानों पर मेडिकल टीमें और एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई हैं। जिलाधिकारी ने भंडारा आयोजकों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि ब्रज की पवित्रता और स्वच्छता बनी रहे। प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे निगरानी कर रहा है कि अधिक मास के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। सभी संबंधित विभाग इस कार्य में समन्वय के साथ सहयोग कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *