अकबरपुर-रूरा रोड पर ओवरलोड डंपर दौड़ रहे:नंबर प्लेट छुपाकर चल रहे, बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित


कानपुर देहात के अकबरपुर-रूरा रोड पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध के बावजूद नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। रात 10 बजे के बाद गिट्टी और मौरंग से लदे ओवरलोड डंपर बेखौफ दौड़ते हैं। इनमें से कई डंपरों की नंबर प्लेट कपड़े से ढंकी होती हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। यह स्थिति तब है जब बीते दिनों हुए कई हादसों के बाद प्रशासन ने इस रूट को बड़े वाहनों के लिए नो-एंट्री जोन घोषित किया था। इसके तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर रात 10 बजे तक रोक लगाई गई थी। हालांकि, समय सीमा समाप्त होते ही ओवरलोड वाहन सड़क पर दौड़ने लगते हैं। स्थानीय निवासी युवराज सिंह और हिमांशु शेखर ने बताया कि तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि ये गतिविधियां परिवहन विभाग के कार्यालय से अधिक दूर नहीं हो रही हैं, फिर भी नियमों का उल्लंघन जारी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ओवरलोड गाड़ियों से सड़कें भी खस्ताहाल हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि रात के समय भी सघन चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लग सके। इस संबंध में यातायात प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि सुबह 7 बजे से लेकर रात 10 बजे तक अकबरपुर-रूरा रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि रात 10 बजे के बाद कोई ओवरलोड गाड़ी निकलती है, तो यह स्थानीय थाना पुलिस की जिम्मेदारी है,ट्रैफिक पुलिस सुबह 7 से रात 10 बजे तक निगरानी करती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *