![]()
गाजीपुर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में 1015 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने नवचयनित सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप योग्य अभ्यर्थियों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत अवसर मिलने की बात कही। चंचल ने चयनित महिलाओं से ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने तथा समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास, कुपोषण मुक्ति, टीकाकरण, गर्भवती और धात्री महिलाओं की देखभाल तथा पोषण अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने उनके कार्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले के 16 विकास खंडों और शहरी क्षेत्र की 17 बाल विकास परियोजनाओं में कुल 4127 सहायिका पद स्वीकृत हैं। इनमें से 1352 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसके तहत अब तक 1328 सहायिकाओं का चयन किया जा चुका है। दूसरे दिन बिरनो, सदर, शहर, सादात, करंडा, रेवतीपुर, भदौरा, सैदपुर, जखनियां, मनिहारी और कासिमाबाद परियोजनाओं की 1015 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
Source link
गाजीपुर में 1015 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र:विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ने किया शुभारंभ, सहायिकाओं को बधाई दी