![]()
ललितपुर में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बाद शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर समेत कई ग्रामीण इलाकों में रिमझिम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन पहले ही सतर्क हो गया था। अगले दो दिनों तक तूफान, तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया था। इसी के मद्देनजर नगर पालिका परिषद ने एहतियातन शहर में लगे होर्डिंग और पोस्टर हटवा दिए थे। शुक्रवार शाम करीब 8 बजे शहर में तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं और इसके साथ लगभग दस मिनट तक रिमझिम बारिश हुई। वहीं जखौरा क्षेत्र में रात करीब 8:45 बजे तेज हवाओं के साथ कुछ देर तक बारिश हुई। कस्बा तालबेहट और आसपास के क्षेत्रों में भी करीब बीस मिनट तक बूंदाबांदी होती रही। मड़ावरा क्षेत्र में रात 9:30 बजे तेज हवा के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को मौसम बदलने के बाद तापमान में गिरावट महसूस की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
Source link
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत:ललितपुर में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बूंदाबांदी, प्रशासन ने जारी किया था रेड अलर्ट