सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:अंतिम संस्कार से पहले विवाद, पत्नी की मांग पर हुआ पोस्टमॉर्टम


बाराबंकी के सिद्धौर चौकी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद शव के पोस्टमार्टम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मृतक की पत्नी ने ससुराल पक्ष पर बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यह घटना सिद्धौर-जैतपुर मार्ग पर बीती रात हुई, जहां एक बाइक और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक चालक अमहट निवासी प्रवेश रावत और ऑटो सवार हाजीपुर श्यामनगर निवासी राहुल रावत (25) पुत्र राम बहादुर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद राहुल रावत के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, मृतक की पत्नी और उनके मायके पक्ष ने पोस्टमार्टम कराने की मांग पर जोर दिया। मामला बढ़ने पर पत्नी ने सिद्धौर चौकी पहुंचकर पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को काफी देर तक समझाया। लंबी बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *