![]()
सीतापुर के रामपुरकलां थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पिसावां में तैनात सहायक अध्यापिका की मौत हो गई। चलती रोडवेज बस से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल एक हाथ से दिव्यांग अध्यापिका को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। रोडवेज बस (UP 34 AT 3998) महमूदाबाद से सीतापुर की ओर जा रही थी। यहां थाना रामपुरकलां क्षेत्र के पट्टी गांव के सामने बिसवां-महमूदाबाद मार्ग पर बस में सवार विभा गुप्ता (40 वर्ष) थूकने के लिए बस के दरवाजे के पास पहुंची। बैलेंस बिगड़ने से बस से नीचे गिर गईं। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तत्काल बस रोकी और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। विभा गुप्ता महमूदाबाद के सरावगी टोला मोहल्ले की निवासी थीं और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पिसावां में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलाकर घायल अध्यापिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहला भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआजी जांच में माना जा रहा है कि संतुलन बिगड़ने के कारण अध्यापिका बस से नीचे गिर गईं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और बस चालक व परिचालक से भी पूछताछ की जा रही है।
Source link
थूकते समय चलती बस से गिरकर महिला टीचर की मौत:गेट पर बैलेंस बिगड़ने से हादसा, एक हाथ से दिव्यांग थीं सहायक अध्यापिका