मथुरा जंक्शन पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल:वेतन न मिलने से स्टेशन पर गंदगी के ढेर


मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वेतन न मिलने के विरोध में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्टेशन पर चारों ओर गंदगी के ढेर लग गए हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे विभाग ने स्टेशन की साफ-सफाई का ठेका एक निजी ठेकेदार को दिया है। हालांकि, कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार उन्हें समय पर वेतन का भुगतान नहीं कर रहा है। कर्मचारियों के अनुसार, उन्हें तीन-तीन महीने तक वेतन नहीं मिलता और मासिक 10,000 रुपये का भुगतान भी अनियमित है। उनका कहना है कि इतनी कम और अनियमित आय से परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी कारण पिछले दो दिनों से सभी कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के लगभग सभी प्लेटफार्मों पर कूड़ा और गंदगी जमा हो गई है। यात्रियों को बदबू और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और सफाई कर्मचारियों की मांगों का समाधान कर सफाई व्यवस्था को कब तक बहाल करता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *