![]()
शाहजहांपुर में हिंदूवादी नेता और सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव राजेश अवस्थी तथा सीओ प्रवीण मलिक के बीच तीखी बहस हुई। यह घटना देवस्थान की भूमि पर कथित अवैध निर्माण के विरोध को लेकर खुटार थाने में हुई एक वार्ता के दौरान हुई। बहस का एक वीडियो शनिवार शाम का बताया जा रहा है, जो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बहस के दौरान हिंदूवादी नेता राजेश अवस्थी ने सीओ से कहा कि “यह भाषा एक अधिकारी की नहीं, बल्कि एक सिपाही की होती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सीओ काफी देर से पीड़ित पक्ष को ही धमका रहे थे। इसके बाद राजेश अवस्थी वार्ता बीच में ही छोड़कर चले गए। यह मामला खुटार थाना क्षेत्र के नरौठा देवीदास गांव का है। हिंदूवादी संगठन ने आरोप लगाया है कि कुछ स्थानीय लोगों ने देवस्थान के रास्ते की भूमि पर दुकान बनाकर दीवार से सटाकर अवैध निर्माण किया है। जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह हिंदू युवा संगठन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। शनिवार दोपहर को हिंदू युवा संगठन के संरक्षक और सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव राजेश अवस्थी अपने पदाधिकारियों के साथ खुटार थाने पहुंचे। सूचना मिलने पर सीओ पुवायां प्रवीण मलिक भी थाने पहुंचे और राजेश अवस्थी को वार्ता के लिए बुलाया। थाने में दोनों पक्ष मौजूद थे।
आरोप है कि वार्ता के दौरान सीओ पीड़ित पक्ष को धमकाने लगे, जिस पर राजेश अवस्थी भड़क गए और उनके तथा सीओ के बीच बहस शुरू हो गई। राजेश अवस्थी ने सीओ से कहा, “आप बहुत देर से पीड़ित को ही धमका रहे हैं।” सीओ ने जवाब दिया कि “पहले आप उसकी बात सुन लीजिए।” इस पर हिंदूवादी नेता ने कहा, “यह भाषा एक सिपाही की होती है, सीओ की नहीं।” सीओ ने पलटवार करते हुए कहा, “अब आप हमको हड़का रहे हैं।” इसके बाद राजेश अवस्थी नाराजगी व्यक्त करते हुए वार्ता से बाहर निकल आए। हिंदूवादी संगठन ने सीओ के व्यवहार का विरोध किया है। पदाधिकारियों ने बताया कि वे बैठक कर अगला कदम तय करेंगे।
Source link
हिंदूवादी नेता ने सीओ से कहा-यह सिपाही की भाषा है':शाहजहांपुर में देवस्थान भूमि के रास्ते पर अवैध निर्माण के विरोध में थाने में हुई बहस