![]()
सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र में शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले विद्यालय में घुसकर अभिभावक द्वारा महिला शिक्षामित्र से अभद्रता और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय में मौजूद शिक्षक और बच्चे काफी डरे सहमे हुए हैं। पीड़ित शिक्षामित्र ने मामले की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार सकरन थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलवा बसहिया स्थित कंपोजिट विद्यालय में गांव के निवासी सुशील गौड़ के तीन बच्चे पढ़ते हैं। शनिवार दोपहर इंटरवल के बाद सुशील की बड़ी बेटी माही स्कूल से घर नहीं पहुंची थी। इस पर सुशील गौड़ अपने एक साथी के साथ स्कूल पहुंच गया।
स्कूल पहुंचते ही उसने अपनी बेटी माही को सबके सामने मारना शुरू कर दिया। यह देख वहां मौजूद शिक्षामित्र मीतू मिश्रा ने बच्ची को मारने से मना करते हुए उसे समझाने की कोशिश की। इस बात से नाराज होकर सुशील गौड़ और उसके साथ आए व्यक्ति ने शिक्षामित्र के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
आरोप है कि दोनों ने महिला शिक्षामित्र को गंदी-गंदी गालियां दीं और उसका हाथ पकड़कर खींचते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। इस घटना से विद्यालय का माहौल पूरी तरह से दहशत में आ गया। शिक्षक और छात्र-छात्राएं काफी सहमे हुए हैं। घटना के संबंध में पीड़ित शिक्षामित्र मीतू मिश्रा ने सकरन थाने में सुशील गौड़ उर्फ रिंकू और उसके नौकर महादेव गौतम के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। इस मामले में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सीतापुर में अभिभावक ने शिक्षामित्र से की अभद्रता:बेटी को पीटने से रोकने पर स्कूल में गाली-गलौज, शिकायत दर्ज