![]()
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में 26 अप्रैल 2026 की रात सड़क हादसे के बाद कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या करने वाले कई आरोपी अभी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी को लेकर अब परिवार का आक्रोश बढ़ गया है। मनीष की पत्नी अंकिता ने अपने तीन मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई है। उद्यमी मनीष सिंह की पत्नी अंकिता सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। सोमवार को आवास पर अंकिता ने कहा कि वह न्याय के लिए शुक्रवार को जिला मुख्यालय (कचहरी) पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगी। राजनेताओं और अफसरों के कोरे आश्वासनों के बीच परिवार का सब्र अब जवाब दे गया है। अंकिता सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि जघन्य हत्याकांड के एक महीने बाद भी परिवार को न्याय नहीं मिला है। मामले को रफा-दफा करने और दबाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन पीले गमछे के दबाव में काम कर रही है, जिसके कारण दोषियों को बचाया जा रहा है। इसी बीच, सोशल मीडिया पर अंकिता सिंह का एक बेहद भावुक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे न्याय की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। उधर, धरना प्रदर्शन की सूचना के बाद पुलिस ने गुरुवार की रात कई लोगों को घरों में नजरबंद कर दिया। धरना प्रदर्शन को समर्थन देने वाले विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के आवास पर फोर्स लगाई गई है, वहीं अंकिता को समझाने का प्रयास जारी है। बता दें 26 अप्रैल की रात कारोबारी मनीष सिंह फैक्ट्री से काम खत्म कर कार से घर लौट रहे थे। घमहापुर गांव के पास उनकी कार से एक महिला को टक्कर लग गई। मनीष भागने के बजाय गाड़ी रोककर महिला की मदद करने की कोशिश करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों और महिला के परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। उग्र भीड़ ने कानून को ताक पर रखते हुए मनीष सिंह पर हमला किया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
Source link
वाराणसी में न्याय के लिए धरना देगी मनीष की पत्नी:फूलपुर में व्यापारी की हत्याकर निकाली थी आंखे, हत्यारोपियों पर अधूरी कार्रवाई का विरोध