ललितपुर में प्रसव के बाद महिला की मौत:नवजात SNCU में भर्ती, मायके पक्ष ने लगाया लापरवाही का आरोप


ललितपुर में प्रसव के बाद एक महिला की हालत बिगड़ने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के चंदेरी क्षेत्र के प्रानपुरा निवासी शिवानी सोनी (35) के रूप में हुई है। वह नौ माह की गर्भवती थीं। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें पहले चंदेरी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शिवानी की तबीयत अचानक बिगड़ी बुधवार को ललितपुर मेडिकल कॉलेज में शिवानी का सामान्य प्रसव हुआ, जिसमें उन्होंने एक पुत्री को जन्म दिया। जन्म के बाद नवजात बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। इसी बीच बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शिवानी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, झांसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवानी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को वापस ललितपुर लाया गया। यहां मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि शिवानी का मायका टीकमगढ़ जिले के बड़ा गांव में है। उनकी शादी करीब आठ साल पहले प्रमोद सोनी से हुई थी। उनका एक चार वर्षीय बेटा शिवांश भी है। यह उनकी दूसरी डिलीवरी थी। पति प्रमोद सोनी ने बताया कि प्रसव के बाद अचानक उनकी हालत बिगड़ गई थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *