.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर BJP से जुड़ी रही। सुनील जाखड़ को हटाकर केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश BJP का नया प्रधान बनाया गया। अब वह भाजपा का सिख चेहरा होंगे।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने सिख चेहरे को प्रधान बनाया

BJP ने विधानसभा चुनाव से पहले केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रधान बना दिया है। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने यह फैसला लिया है। केवल ढिल्लों 4 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब वह पंजाब में भाजपा का सिख चेहरा होंगे।
इससे पहले पार्टी ने सुनील जाखड़ को प्रधान बनाया था। हालांकि, वह लोकसभा चुनाव के बाद से ही इस्तीफा दे चुके थे, लेकिन भाजपा ने उसे मंजूर नहीं किया था। केवल ढिल्लों को प्रधान बनाने की पैरवी पंजाब में चुनाव को लेकर कैंपेन कर रहे हरियाणा के CM नायब सैनी भी कर रहे थे। केवल ढिल्लों को पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है।
केवल सिंह ढिल्लों को आज जब प्रधान घोषित किया गया, उस समय वह चंडीगढ़ में गवर्नर हाउस में थे। वह बीजेपी के कुछ नेताओं के साथ इलेक्शन कमीशन से मुलाकात के लिए गए थे। इस मौके पर केवल ढिल्लों ने कहा- 2027 में पंजाब में कमल का फूल खिलेगा, भाजपा की सरकार बनेगी। सारी BJP इकट्ठी है। मिलकर बातचीत करेंगे। वेस्ट बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. रिटायर्ड पुलिस अफसर और AAP नेता में फायरिंग, पगड़ी उतरी

अमृतसर में गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। रिटायर्ड पुलिस अफसर और उनके पड़ोसी AAP नेता के परिवार के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गोलियां चलने लगीं।
फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहले दोनों पक्षों के बीच झड़प होती दिख रही है, जिससे एक व्यक्ति की पगड़ी भी उतर जाती है। इसके बाद गोलियां चल जाती हैं। इस दौरान एक युवक तलवारें लहराते हुए दिख रहा है। घटना में AAP नेता व एक अन्य व्यक्ति के पैर में गोलियां लगी हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों खतरे से बाहर हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। घायल नेता जयपाल सिंह बाऊ वार्ड नंबर 42 के इंचार्ज हैं। जयपाल सिंह के जानकार वरपाल सिंह ने बताया कि गाड़ी की पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ है। जयपाल सिंह वार्ड नंबर 42 से आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव भी लड़ चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. पहली बार घर बैठे देखें निगम चुनाव नतीजे, मतगणना कल

पंजाब में निकाय चुनाव के नतीजे कल (29 मई को) आएंगे। पहली बार लोग घर बैठे इसके नतीजे देख पाएंगे। पंजाब के राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने कहा कि https://sec.punjab.gov.in/en/ वेबसाइट पर रिजल्ट मिलेगा। इसके लिए यहां काउंटिंग का लिंक दिया जाएगा।
इससे पहले विधानसभा और लोकसभा के नतीजे ही दिखाए जाते थे। आयुक्त राजकमल चौधरी के मुताबिक काउंटिंग सेंटरों पर भीड़ न हो और लोगों को सटीक नतीजे मिलें, इसलिए यह सुविधा दी जा रही है। काउंटिंग के लिए कुल 115 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। 26 मई को 8 नगर निगम, 75 नगर कौंसिल और 21 नगर पंचायतों समेत कुल 104 निकायों के लिए वोटिंग हुई थी।
आयुक्त चौधरी ने बताया कि स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच की जा रही है। गुरुवार को सभी 115 सेंटरों पर मतगणना स्टाफ को अंतिम रिहर्सल भी करवा दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. रिश्वत लेने वाला ASI लाइनहाजिर, युवकों ने VIDEO बनाया

मोहाली में ट्रैफिक पुलिस के ASI का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद ASI को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही ASI के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। यह कार्रवाई दो युवकों से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने बाद हुई है। युवकों ने दावा किया था कि ASI ने चालान न काटने की एवज में पैसे मांगे थे।
वीडियो में एक युवक ट्रैफिक बूथ के बाहर खड़े ASI से बातचीत करता नजर आ रहा है। बातचीत के दौरान युवक पहले 500 रुपए देने की बात करता है, लेकिन ASI उससे अधिक पैसे की मांग करता हुआ सुनाई देता है। इसके बाद युवक बाहर खड़े दूसरे व्यक्ति से पैसे लेकर आता है और ASI को पकड़ा देता है।
वीडियो में युवक चालान न काटने और खींची गई फोटो डिलीट करने की बात भी करता सुनाई देता है। इस पर ASI युवक को आश्वासन देता है कि उसका चालान नहीं किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)
5. अब फेवरेट कोठी नहीं बनवा सकेंगे, प्लॉटेड डेवलपमेंट नहीं होगा

चंडीगढ़ में अब लोग प्लॉट खरीदकर फेवरेट डिजाइन की कोठी नहीं बनवा सकेंगे। चंडीगढ़ प्रशासन अब शहर में प्लॉटेड डेवलपमेंट नहीं करेगा, यानी लोगों को प्लॉट नहीं बेचे जाएंगे। इसकी जगह अब केवल ग्रुप हाउसिंग यानी फ्लैट्स बनाने की परमिशन दी जाएगी।
चंडीगढ़ प्रशासन ने संशोधित मास्टर प्लान में इसे शामिल करने का सुझाव दिया गया है। इससे सिटी की अब हॉरिजॉन्टल की जगह वर्टिकल ग्रोथ होगी। इतना ही नहीं, फेज-II के सेक्टरों में जो भी खाली प्लॉट क्लस्टर बचे हैं, उन्हें अब व्यक्तिगत प्लॉट के बजाय ग्रुप हाउसिंग के लिए फिर से प्लान किया जाएगा।
इतना जरूर है कि 1 से 30 सेक्टर को छोड़कर ही मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बन पाएंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि यह एरिया हेरिटेज में शामिल है। इसके अलावा अब मिक्स्ड लैंड जमीन का एरिया भी बढ़ाया जाएगा। वहीं, पार्किंग की दिक्कत का भी हल निकालने की तैयारी है। कुल मिक्स्ड लैंड यूज क्षेत्र 252 एकड़ (0.89%) से बढ़कर 428 एकड़ (1.5%) हो गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. तीन दिन तक बारिश, आंधी के साथ ओले भी गिर सकते हैं

पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मौसम बदला है। मोहाली और जालंधर में सुबह-सुबह बूंदाबांदी हुई। पिछले कल की तुलना में रात के न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा है। सबसे कम 21.7 डिग्री तापमान दर्ज किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक आज कुछ स्थानों पर हीटवेव (लू) की भी संभावना है। जबकि 28 और 29 तारीख को कहीं-कहीं 60–70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी और झोंकों के साथ हवा की स्पीड 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं।
उन्होंने कहा कि 28 और 29 मई को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है। 29 और 30 मई को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच जब धूप और लू सबसे खतरनाक स्तर पर होती है, तब बहुत जरूरी न होने पर बाहर न निकलें। (पढ़ें पूरी खबर)
7. अकेली देख घर में घुसा शख्स, बच्ची से रेप किया, चिल्लाने पर हत्या की

मोगा में 40 साल के शख्स ने पड़ोस में रहने वाली 9 साल की बच्ची के साथ रेप किया। जब बच्ची चिल्लाने लगी और मां को बताने की बात कहने लगी, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उसे कमरे के पंखे से फंदे पर लटका दिया। उसे बड़ी बहन ने फंदे पर लटका हुआ देखा।
बच्ची को अकेला पाकर वह चुपके से कमरे के भीतर दाखिल हो गया। आरोपी का नाम दयानंद है और वह झारखंड का रहने वाला है। वारदात को अंजाम देकर वह उसी शाम ट्रेन पकड़कर झारखंड भागने की तैयारी में था। यहीं नहीं वारदात के बाद उसने अपना फोन भी बंद कर दिया था। लेकिन मोगा पुलिस ने उसे बुगीपुरा चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी पर रेप, हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी अकसर बच्चियों को लेकर गंदी नीयत रखता था। पुलिस ने संवेदना दिखाते हुए पोस्टमॉर्टम के बाद खुद अपनी देखरेख में बच्ची का अंतिम संस्कार करवाया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. नशे में धुत युवक-युवती, दोनों से बैठा तक नहीं जा रहा था

मोगा से नशे में धुत युवक-युवती का वीडियो सामने आया है। दोनों सड़क किनारे एक दुकान के बाहर बैठे हुए थे। हालत ऐसी थी कि दोनों से ठीक तरह बैठा भी नहीं जा रहा था। युवक बार-बार आगे की तरफ झुक रहा था, जबकि युवती भी बेसुध हालत में नजर आई। आसपास मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
ये वीडियो साधा वाला बस्ती इलाके के पास का है। इस इलाके को ड्रग हॉटस्पॉट कहा जाता है। कुछ ही दिन पहले भी यहां से नशे में झूमते युवक का वीडियो सामने आया था। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस समय-समय पर इलाके में छापेमारी का दिखावा तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके….
9. VIP मूवमेंट के बीच गाड़ी रोकने पर पुलिस से भिड़ा बुजुर्ग

लुधियाना के दुगरी मार्केट में VIP मूवमेंट के दौरान एक बुजुर्ग पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। आमतौर पर VIP मूवमेंट के समय लोग चुपचाप रुक जाते हैं। लेकिन बुजुर्ग ने बीच सड़क पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा दिए। बुजुर्ग का आरोप था कि पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक रखा था, जबकि वह अपनी पोती को आइसक्रीम दिलाने जा रहे थे।
बुजुर्ग ने कहा कि उनके पैरों में रॉड पड़ी है और वह ज्यादा देर पैदल नहीं चल सकते। इसके बावजूद पुलिसकर्मी उन्हें यह कहकर रोकते रहे कि पहले DC साहिब निकलेंगे, उसके बाद ही किसी को आगे जाने दिया जाएगा। इस बात को लेकर बुजुर्ग और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई।
काफी देर तक बहस चलती रही। आखिरकार पुलिस ने बुजुर्ग को आगे जाने की अनुमति दे दी। वहीं DC ने कहा कि वह उस समय मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने साफ कहा कि अगर वह वहां होते भी, तब भी किसी बुजुर्ग या जरूरतमंद को इस तरह रोकना गलत है। मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ बुजुर्ग को DC ने अपने ऑफिस बुलाया। (पढ़ें पूरी खबर)
10. बिग इवेंट
- कल निकाय चुनाव के नतीजे आएंगे।
- काउंटिंग सुबह 8 बजे शुरू होगी।
- 8 नगर निगम, 75 नगर कौंसिल और 21 नगर पंचायतों के नतीजे आएंगे।
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)