सीतापुर में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी:4 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर, ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ा


सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में बिसवां रोड पर अतरौली के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार ने दो ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे ई-रिक्शा चालक शेखर निवासी बिलौली बाजार सवारियों को लेकर महमूदाबाद से बिलौली की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही औरा कार संख्या UP32PJ1587 ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए और ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं सड़क पर आगे चल रहा एक अन्य ई-रिक्शा भी हादसे की चपेट में आ गया, जिसमें फ्रिज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लदा था। हादसे में ऑटो सवार शाहनवाज (12) पुत्र यूसुफ निवासी बिलौली बाजार, उनके भाई मोहम्मद नदीम पुत्र यूसुफ, जूली (18) पुत्री बृजेश कुमार निवासी पचदेवरा तथा एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गए। इनमें शाहनवाज और जूली की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। ई-रिक्शा चालक शेखर ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया। उसकी पहचान अमित विश्वकर्मा पुत्र गिरिजा शंकर विश्वकर्मा निवासी बिसवां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गोंडा से अपने घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *