![]()
इटावा में रेलवे की पाइलिंग खुदाई से निकल रही मिट्टी के अवैध खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सराय ऐसर में दिनदहाड़े डंपरों और जेसीबी मशीनों के जरिए मिट्टी उठाकर दूसरे स्थानों पर डंप किए जाने की शिकायत मिली है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो डंपर पकड़ने की बात कही है। गुरुवार को सराय ऐसर में रेलवे विभाग की ओर से पाइलिंग और खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। इसी खुदाई से निकलने वाली मिट्टी को अवैध तरीके से उठाकर दूसरे स्थानों पर पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि मिट्टी को सराय ऐसर से नगला बाबा होते हुए कचोरा रोड के रास्ते विक्रमपुर के सामने से लुहन्ना गांव तक ले जाया जा रहा था। इस दौरान मुख्य मार्गों पर लगातार डंपरों की आवाजाही होती रही। स्थानीय लोगों के अनुसार दिन के समय जेसीबी मशीनों से मिट्टी भरकर डंपरों के जरिए बड़े पैमाने पर परिवहन किया जा रहा था। लोगों का कहना है कि रेलवे का सरकारी कार्य चलने के बावजूद उसी मिट्टी का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में मिट्टी का परिवहन बिना किसी जानकारी के संभव नहीं है। वहीं कुछ लोगों ने इस पूरे मामले में स्थानीय स्तर पर मिलीभगत की आशंका भी जताई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके से दो डंपरों को पकड़ लिया है। दोनों वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
रेलवे की मिट्टी का दिनदहाड़े अवैध खनन:इटावा में डंपरों से ढोया जा रहा, पुलिस ने दो वाहन जब्त किये