डीएम ने मांगी बलिया के दुर्घटना स्थलों की सूची:फेफना, माल्देपुर में स्टैंडिंग पॉइंट्स एंबुलेंस का नंबर, चालक का नाम लिखने के आदेश


बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इस बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, एंबुलेंस व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पिछले एक वर्ष में जिले में हुई सभी सड़क दुर्घटनाओं का विवरण तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कर जांच के बाद एक सप्ताह के भीतर सूची उपलब्ध कराई जाए। जिन स्थानों पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर दुर्घटना स्थल का नाम और प्रमुख कारण भी अंकित होगा। डीएम ने जिले की सभी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) सड़कों की सूची और उन पर संचालित एंबुलेंस की संख्या व वाहन नंबर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि एनएच-31 सहित फेफना, माल्देपुर और अन्य एंबुलेंस स्टैंडिंग पॉइंट्स पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं। इन बोर्डों पर एंबुलेंस का नंबर, सीयूजी नंबर और चालक का नाम अनिवार्य रूप से लिखा होना चाहिए। साथ ही, दुर्घटना वाले हाईवे पर संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम भी अंकित करने को कहा गया, ताकि घायलों को समय पर सहायता मिल सके। जिलाधिकारी ने आरटीओ को प्रतिदिन प्रमुख चौराहों पर वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसमें चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट और दोपहिया वाहनों में हेलमेट की जांच अनिवार्य रूप से शामिल होगी। परिवहन विभाग को सड़क सुरक्षा से संबंधित होर्डिंग लगाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि हाईवे के प्रारंभिक बिंदुओं समेत सभी प्रमुख सड़कों पर जागरूकता होर्डिंग लगाए जाएं, जिससे यातायात नियमों की जानकारी बढ़े और सड़क हादसों में कमी आए। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, आरटीओ अरुण कुमार राय और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *