सीतापुर में युवक की मौत का मामला:पोस्टमार्टम में आत्महत्या की पुष्टि, एएसपी से मिले परिजन


सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र के शाह आलमपुर गांव में युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के मामले में बुधवार को परिजन और ग्रामीणों ने लहरपुर से सपा विधायक अनिल वर्मा के साथ अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच और अज्ञात दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है, लेकिन परिजनों की आशंका को देखते हुए मामले में दोबारा जांच के आदेश दिए गए हैं। गौरतलब है कि तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम शाह आलमपुर में बीती 25 मई को ईंट भट्टे के समीप एक युवक का शव यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय विनीत कुमार पुत्र सियाराम प्रजापति निवासी शाह आलमपुर के रूप में हुई थी। विनीत ईंट भट्टे पर ईंट पथाई का कार्य करता था। दोपहर के समय उसका शव पेड़ से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य संकलित किए थे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में हुए पोस्टमार्टम में मौत की वजह आत्महत्या बताई गई। लेकिन मृतक के परिजन शुरू से ही हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जता रहे हैं। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे करीब 25 से 30 ग्रामीणों और परिजनों के साथ सपा विधायक अनिल वर्मा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में ईंट भट्टे पर कार्यरत लोगों समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर हर पहलू की गहन जांच कराई जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *