![]()
हरदोई और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। रात करीब 10:15 बजे तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बिजली की कड़क के साथ मौसम बिगड़ गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई। धूल के गुबार और उड़ते मलबे के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रास्ते में रुकना पड़ा। कई राहगीरों ने पेट्रोल पंपों, दुकानों और पक्के मकानों में शरण लेकर खुद को सुरक्षित किया। तेज अंधड़ का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था और यातायात पर पड़ा। शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन से चार बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर मुख्य सड़कों पर गिर गए, जिससे कई मार्गों पर यातायात आंशिक रूप से बाधित हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग ने तत्काल आपूर्ति बंद कर दी। आंधी शुरू होते ही शहर और आसपास के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को उमस और अंधेरे का सामना करना पड़ा। आंधी के बाद भी देर रात तक आसमान में बादलों की गड़गड़ाहट जारी रही। हालांकि तेज बारिश नहीं हुई, लेकिन कुछ देर बाद हल्की फुहारें पड़ीं। बूंदाबांदी से धूल तो शांत हो गई और मौसम में हल्की ठंडक आ गई, लेकिन बिजली बाधित रहने से लोगों की परेशानी बनी रही। बिजली विभाग की टीमें टूटे तारों और बिजली लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी थीं। वहीं नगर पालिका और प्रशासनिक टीमें सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम कर रही थीं। मौसम विभाग ने सोमवार रात करीब 9:30 बजे हरदोई के लिए अगले तीन घंटे के भीतर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और तूफान आने का अलर्ट जारी किया था। अलर्ट के लगभग आधे घंटे बाद ही मौसम में तेज बदलाव देखने को मिला।
Source link
हरदोई में धूल भरे तूफान से जनजीवन प्रभावित:80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं, कई पेड़ गिरे; बिजली आपूर्ति ठप