![]()
अमेठी जिले में भोपाल एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। यह हादसा लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर संग्रामपुर थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के सामने हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह घटना आज रात करीब आठ बजे की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग साइकिल से रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार भोपाल एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग का शव कई हिस्सों में बंट गया और ट्रैक पर बिखर गया। हादसे की सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक पर बिखरे शव के टुकड़ों को एकत्र किया। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान पास के गांव के रामसुरेमन पासी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बुजुर्ग रामसुरेमन पासी अक्सर इसी रास्ते से साइकिल लेकर गुजरते थे। अंधेरा होने के कारण वह ट्रेन को देख नहीं पाए और हादसे का शिकार हो गए। घटना की जानकारी रेलवे पुलिस को भी दे दी गई है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने ट्रैक खाली कराकर सुचारू कराया। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय सतर्कता बरतें और फाटक बंद होने पर क्रॉसिंग न करें।
Source link
62 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रेन से मौत:भोपाल एक्सप्रेस की चपेट में आए, साइकिल से ट्रैक पार करते समय हादसा