संभल में 44 डिग्री तापमान, AQI 153 दर्ज:भीषण गर्मी से लोग परेशान, सड़कों पर सन्नाटा


संभल में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी 153 दर्ज किया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर में लगभग चार घंटे तक सड़कें सूनी रहती हैं। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के साथ सुबह की शुरुआत हुई। सोमवार सुबह 9 बजे संभल का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पिछले पांच दिनों से जिले में इसी तरह की भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग के अनुसार, अगले कई दिनों तक यह स्थिति बनी रहेगी। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है। अप्रैल महीने में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिसके मुकाबले वर्तमान तापमान 3 डिग्री सेल्सियस कम है। मई की शुरुआत में हुई बारिश और आंधी के कारण लगभग 15 दिनों तक मौसम सुहावना रहा था, जब अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भीषण गर्मी के कारण जिला संयुक्त चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य अस्पतालों में पेट दर्द के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। डॉ. चमन प्रकाश ने गर्मी से बचाव के लिए सूती कपड़े पहनने, घर का बना पौष्टिक भोजन करने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को बाहर के फास्ट फूड से बचने की भी हिदायत दी। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि मई महीने में पहले कभी इतनी गर्मी नहीं देखी गई। उनके अनुसार, महीने के शुरुआती 10-12 दिन बारिश के कारण मौसम अच्छा था। दुकानदार विशाल कुमार ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण लोग सुबह या देर शाम को ही खरीदारी के लिए बाजार आ रहे हैं, जिससे दोपहर के समय दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ कम रहती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *